बिलासपुर। चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है। बिलासपुर के डॉ. धर्मेंद्र दास को पंडित दीनदयाल उपाध्याय स्मृति स्वास्थ्य विज्ञान एवं आयुष विश्वविद्यालय, रायपुर के प्रबंधन बोर्ड में सदस्य नामांकित किया गया है। छत्तीसगढ़ शासन के चिकित्सा शिक्षा विभाग ने 22 सितंबर को इस संबंध में आदेश जारी किया है।
शासन के आदेश के मुताबिक विश्वविद्यालय अधिनियम 21/2008 की धारा 19(2)(ग) के तहत तीन सदस्यों का नामांकन किया गया है। इनमें डॉ. धर्मेंद्र दास के साथ डॉ. जे.पी. शर्मा और बिलासपुर के न्यूरोलॉजिस्ट डॉ. रजनीश पांडे भी शामिल हैं।
डॉ. धर्मेंद्र दास लंबे समय से चिकित्सा और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े रहे हैं। वे शासकीय सुपर स्पेशलिटी अस्पताल की स्वशासी समिति के सदस्य भी हैं। विश्वविद्यालय के प्रबंधन बोर्ड में सदस्य बनने के बाद अब उनकी जिम्मेदारी विश्वविद्यालय से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों में रहेगी।
नई जिम्मेदारी मिलने पर डॉ. धर्मेंद्र दास ने स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि सरकार ने उन पर जो भरोसा जताया है, उस पर खरा उतरने के लिए वे पूरी निष्ठा और ईमानदारी से काम करेंगे।
डॉ. धर्मेंद्र दास ने कहा कि विश्वविद्यालय और प्रदेश के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य क्षेत्र के हित में अपनी जिम्मेदारी का पूरी प्रतिबद्धता के साथ निर्वहन करना उनका प्रयास रहेगा। शासन के इस आदेश के बाद बिलासपुर के चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े एक और नाम को विश्वविद्यालय के प्रबंधन बोर्ड में स्थान मिला है।
