बिलासपुर। नई दिल्ली में आयोजित बिहारी स्वाभिमान सम्मेलन 2026 में छत्तीसगढ़ के उद्योग एवं सामाजिक क्षेत्र में सक्रिय प्रवीण चंद्र झा को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। समाजसेवा, जनसरोकार और उद्योग के क्षेत्र में उनके योगदान को देखते हुए उन्हें मंच पर अंगवस्त्र और स्मृति-चिह्न भेंट किया गया। कार्यक्रम में मेजर जनरल जी.डी. बख्शी समेत विभिन्न क्षेत्रों से आए गणमान्य लोग मौजूद रहे।

प्रवीण झा ने सम्मान के बाद कहा कि समाज और लोगों से मिलने वाला सम्मान किसी भी व्यक्ति के लिए बड़ी प्रेरणा होता है। उन्होंने कहा कि उद्योग के जरिए रोजगार देना महत्वपूर्ण है, लेकिन समाज के जरूरतमंद लोगों के लिए अपनी क्षमता के अनुसार सहयोग करना भी उतना ही जरूरी है।

उन्होंने युवाओं को लेकर कहा कि देश की युवा शक्ति में अपार क्षमता है। युवाओं को शिक्षा, तकनीक, उद्यमिता और सामाजिक जिम्मेदारी के साथ आगे बढ़ने के अवसर मिलने चाहिए। वहीं मेजर जनरल जी.डी. बख्शी ने युवाओं से अनुशासन और राष्ट्र निर्माण की भावना के साथ अपनी ऊर्जा का सकारात्मक इस्तेमाल करने का आह्वान किया।

सम्मेलन में सामाजिक जुड़ाव, नेतृत्व, उद्यमिता और राष्ट्र निर्माण जैसे विषयों पर चर्चा हुई। प्रवीण झा अपनी अर्धांगिनी कल्पना झा के साथ कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने शुभसीता फाउंडेशन की संस्थापिका मनोरमा जी, कन्वेनर रोहन जी और पूरी आयोजन समिति का आभार जताते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में सकारात्मक सोच और सहयोग की भावना को आगे बढ़ाने का काम करते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *