बिलासपुर – अशोक नगर में देशी कंपोजिट मदिरा दुकान को लेकर स्थानीय रहवासियों में नाराजगी है। लोगों का कहना है कि दुकान को दूसरी जगह स्थानांतरित करने की मांग पिछले करीब तीन वर्षों से की जा रही है, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
रहवासियों के मुताबिक दुकान में आहता नहीं होने के कारण शराब खरीदने वाले सड़क किनारे वाहन खड़े कर खुले में शराब का सेवन करते हैं। इसके चलते सड़क पर आने-जाने वाले लोगों को परेशानी होती है। स्थानीय लोगों ने बताया कि आसपास चखना दुकानों के संचालन से भी स्थिति और असुविधाजनक हो जाती है।
मोहल्लेवासियों का कहना है कि महिलाओं और स्कूली बच्चों को भी इसी रास्ते से गुजरना पड़ता है। इस संबंध में जिला प्रशासन और आबकारी विभाग के अधिकारियों से पहले शिकायत की जा चुकी है।
वहीं, गौरव पथ के तहत क्षेत्र में सड़क और नाली निर्माण का काम चल रहा है। निर्माण कार्य के दौरान मदिरा दुकान की बाउंड्रीवाल का हिस्सा भी तोड़ा जा रहा है। रहवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि दुकान को आबादी क्षेत्र से हटाकर किसी अन्य स्थान पर स्थानांतरित किया जाए।
