बिलासपुर के छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान संस्थान यानी सिम्स की स्थापना के 25 वर्ष पूरे होने पर 21 से 25 दिसंबर तक पांच दिवसीय रजत जयंती समारोह आयोजित किया जाएगा। इस भव्य आयोजन को यादगार बनाने के लिए तैयारियां तेज हो गई हैं। सोमवार को संभागायुक्त सुनील कुमार जैन की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में समारोह की रूपरेखा, सांस्कृतिक कार्यक्रमों, अतिथि सत्कार, पार्किंग और स्मृति स्तंभ निर्माण सहित विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
इस आयोजन में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल और स्वास्थ्य विभाग के सचिव अमित कटारिया सहित कई विशिष्ट अतिथियों के शामिल होने की संभावना है।
बैठक में संभागायुक्त सुनील कुमार जैन ने वर्ष 2002 से लेकर वर्तमान बैच तक के मेडिकल विद्यार्थियों और पूर्व विद्यार्थियों की सहभागिता सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने चिकित्सा जगत में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाले पूर्व विद्यार्थियों को विशेष रूप से सम्मानित करने के निर्देश दिए। वहीं, डॉ. कृष्णमूर्ति बांधी ने भी पूर्व विद्यार्थियों और उनके परिजनों को आयोजन से जोड़ने का सुझाव दिया।
बिलासपुर कलेक्टर संजय अग्रवाल ने समारोह की गतिविधियों को छत्तीसगढ़ स्थापना दिवस की भावना ‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ के अनुरूप रखने की बात कही। उन्होंने अतिथियों के स्वागत में बुके की जगह अच्छी पुस्तक और गुलाब देने का सुझाव भी दिया। नगर निगम आयुक्त डॉ. प्रकाश सर्वे ने आयोजन को सफल बनाने के लिए नगर निगम की ओर से हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
वहीं, आयोजन समिति के डॉ. एलसी मंढरिया ने छत्तीसगढ़ी लोक संस्कृति और पारंपरिक कलाओं को कार्यक्रमों में प्रमुखता देने का सुझाव दिया। समिति के उपाध्यक्ष डॉ. विनोद तिवारी ने स्मारिका को संग्रहणीय बनाने में सहयोग का प्रस्ताव रखा, जबकि डॉ. धर्मेंद्र कुमार दास को सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करने की जिम्मेदारी दी गई है। बैठक में डॉ. कमलेश मौर्य ने पार्किंग की समस्या की ओर ध्यान दिलाया। इसके समाधान के लिए वैलेट पार्किंग, परिसर के बाहर पार्किंग स्थल और अतिथियों के लिए ई-व्हीकल की व्यवस्था पर विचार किया गया।
रजत जयंती समारोह के अवसर पर सिम्स परिसर के उद्यान में स्मृति स्तंभ भी बनाया जाएगा। इसके निर्माण पर करीब 10 से 12 लाख रुपये खर्च होने का अनुमान है। पहले इसके लिए तीन लाख रुपये का प्रावधान था, लेकिन संभागायुक्त की सहमति के बाद इसे भव्य स्वरूप देने के लिए बजट बढ़ाने की तैयारी है।
पांच दिनों तक चलने वाले इस समारोह में शैक्षणिक गतिविधियों, स्मारिका प्रकाशन, फैशन शो, फन फेस्ट, खेलकूद, ललित कला और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आयोजन होगा। साथ ही चिकित्सा जगत में सिम्स का नाम रोशन करने वाले पूर्व विद्यार्थियों का सम्मान भी किया जाएगा। कुल मिलाकर सिम्स की रजत जयंती संस्थान के 25 वर्षों के सफर और उपलब्धियों को यादगार बनाने के साथ चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में नई पहचान स्थापित करने का अवसर बनने जा रही है।
