बिलासपुर – ठंडी हवाओं के बीच बच्चों के चेहरे पर मुस्कान लाने और उनके सपनों को संजोने के उद्देश्य से सहयोग फ़ाउंडेशन एवं स्वयंसिद्धा फाउंडेशन द्वारा एक सराहनीय पहल की गई। शासकीय प्राथमिक शाला तारबहार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के 112 बच्चों को स्वेटर वितरित किए गए।

इस अवसर पर आयोजकों ने बताया कि यह कार्यक्रम केवल बच्चों को ठंड से बचाने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके माध्यम से माता-पिता को यह संदेश भी दिया गया कि शिक्षा ही बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की सबसे मजबूत नींव है।

कार्यक्रम में बच्चों के नन्हें हाथों में स्वेटर, चेहरों पर खुशी और आंखों में सपनों की चमक साफ दिखाई दी। आयोजकों का कहना है कि बच्चों का बेहतर कल आज से ही तैयार होता है और समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है कि कोई भी बच्चा ठंड या गरीबी के कारण अपने सपनों से समझौता न करे।

कार्यक्रम में स्वयंसिद्धा फाउंडेशन के अध्यक्ष श्री चंचल सलूजा, सहयोग फाउंडेशन से श्रीमती किरण सिंह, शासकीय प्राथमिक शाला तारबहार की प्रधान पाठक श्रीमती पूजा तिवारी, शिक्षिकाएं श्रीमती ईश्वरी अय्यर, श्रीमती माधुरी निर्मलकर, श्रीमती शिखा रॉबिन्स तथा श्रीमती राजिम खुटले विशेष रूप से उपस्थित रहीं।

अंत में आयोजकों ने अपील की कि समाज के सभी वर्ग मिलकर आगे आएं, ताकि कोई बच्चा ठंड से न कांपे, कोई सपना गरीबी में न जमे और हर दिल में उम्मीद की गरमाहट बनी रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *