पाकिस्तानी पंजाब के कई जिलों में गुरुवार को भारी बारिश और बाढ़ से 63 लोगों की मौत हो गई, जबकि 290 घायल हैं। हालात को देखते हुए कई इलाके में इमरजेंसी लगाई गई है। पंजाब की डिजास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी (PDMA) ने बताया कि लाहौर में 15, फैसलाबाद में 9, साहिवाल में 5, पाकपट्टन में 3 और ओकारा में 9 लोगों की मौत हुई है। सरकार ने मृतकों के परिवारों को मुआवजा देने की घोषणा की है। पाकिस्तान मौसम विभाग (PMD) ने सोमवार को देशभर में 17 जुलाई तक तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ भारी बारिश की चेतावनी जारी की थी। पंजाब के कई इलाकों में इमरजेंसी लागू पंजाब की मुख्यमंत्री मरियम नवाज ने X पर कहा- असामान्य बारिश और बाढ़ की वजह से पंजाब के अलग-अलग इलाकों में इमरजेंसी लागू की गई है।” उन्होंने लोगों से लोकल अधिकारियों के साथ सहयोग करने की अपील की। झेलम में बाढ़ में फंसे लोगों को निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चल रहा है। लोकल अधिकारी के मुताबिक अब तक 57 लोगों को सुरक्षित निकाला गया है, और 50 से ज्यादा नावें इस बचाव कार्य में लगी हुई हैं। जबकि 15,000 से ज्यादा बचाव कर्मी और 800 नावें हाई अलर्ट पर हैं। इस्लामाबाद में भारी बारिश की चेतावनी पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में प्रशासन को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए गए हैं। कैपिटल डेवलपमेंट अथॉरिटी (CDA) ने अधिकारियों को इमरजेंसी हालात में लोगों को हर संभव मदद देने का आदेश दिया है। CDA के चेयरमैन मोहम्मद रंधावा ने कहा- फील्ड टीमें इमरजेंसी में नागरिकों को सभी तरह की मदद दें।” उन्होंने इस्लामाबाद के सभी हाईवे, नालों और जलमार्गों की सख्त निगरानी करने के आदेश दिए। नेशनल डिजास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी (NDMA) ने अगले 24 घंटों तक देश के अलग-अलग हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। रेडियो पाकिस्तान के मुताबिक, पंजाब के लाहौर, चकवाल, अटक, झेलम, खुशाब, सरगोधा, गुजरात, गुजरांवाला, फैसलाबाद, सियालकोट जैसे जिलों में भारी बारिश की संभावना है। चकवाल में बादल फटने से बाढ़ आई पंजाब के चकवाल जिले में मंगलवार देर रात बादल फटने के कारण 10 घंटे में 400 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जिससे शहर में अचानक बाढ़ आ गई। वहीं, मंडी बहाउद्दीन में भारी बारिश से एक बच्चे की मौत हो गई और 11 लोग घायल हो गए। पाकिस्तान मौसम विभाग (PMD) के अनुसार, मंडी बहाउद्दीन में बुधवार सुबह 8 बजे तक पिछले 24 घंटों में 167 मिमी बारिश दर्ज की गई। रेस्क्यू अधिकारियों ने बताया कि 10 साल के एक बच्चे की बारिश के पानी में नहाते समय डूबने से मौत हो गई। एक अन्य घटना में, बारिश के दौरान करंट लगने से 8 साल और 6 साल के बच्चे घायल हो गए।
You can share this post!
Related Articles
मानसा के युवक की डूबने से कनाडा में…
- July 19, 2025
