समाज के युवाओं को शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के उद्देश्य से बिलासपुर में श्रीवास समाज ने सराहनीय पहल की है। समाज के शैक्षणिक प्रकोष्ठ द्वारा आजाद चौक मंगला स्थित श्री श्याम कंप्यूटर एजुकेशन एंड लाइब्रेरी में निःशुल्क सामान्य अध्ययन परीक्षा आयोजित की गई। पहली बार ऑफलाइन मोड में आयोजित इस परीक्षा में करीब 150 छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया। खास बात यह रही कि परीक्षा में 95 प्रतिशत उपस्थिति दर्ज की गई।
परीक्षा में शामिल होने पहुंचे प्रतिभागियों का तिलक लगाकर और पुष्प भेंटकर स्वागत किया गया। इसके बाद विद्यार्थियों ने छत्तीसगढ़ पीएससी के स्तर पर आधारित प्रश्नपत्र हल किया। इसमें गणित, विज्ञान, इतिहास, छत्तीसगढ़ सामान्य ज्ञान सहित विभिन्न विषयों से सवाल पूछे गए। परीक्षा के बाद विद्यार्थियों ने कहा कि इस तरह की परीक्षा से उन्हें अपनी तैयारी परखने और वास्तविक प्रतियोगी परीक्षाओं का अनुभव प्राप्त करने का अवसर मिला।
आयोजन में श्रीवास समाज के अध्यक्ष सुरेंद्र श्रीवास, सचिव चंद्रमणि श्रीवास, कोषाध्यक्ष संतोष श्रीवास, महिला प्रकोष्ठ की अध्यक्ष ज्योति श्रीवास सहित समाज के कई पदाधिकारी उपस्थित रहे। परीक्षा के सफल संचालन में केंद्राध्यक्ष अनिल श्रीवास, सह केंद्राध्यक्ष राजेश श्रीवास और राजू श्रीवास सहित आब्जर्वर, पर्यवेक्षकों और प्रबंधन समिति के सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
इस परीक्षा में बिलासपुर के साथ जांजगीर-चांपा, सक्ती, कोरबा, रायगढ़, मुंगेली, जशपुर, सूरजपुर, बालोद और नारायणपुर समेत कई जिलों से विद्यार्थी पहुंचे। आयोजकों का कहना है कि इस तरह की गतिविधियों से युवाओं में प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रति जागरूकता बढ़ेगी और उन्हें अपनी क्षमता पहचानने का अवसर मिलेगा। समाज के शैक्षणिक प्रकोष्ठ ने भविष्य में भी ऐसे आयोजन जारी रखने की बात कही है।
