बिलासपुर – छत्तीसगढ़ आयुर्वेद अधिकारी संघ की बिलासपुर इकाई ने 20 जुलाई को एक भव्य सम्मान समारोह एवं संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम में प्रदेशभर से वरिष्ठ और सक्रिय आयुर्वेद चिकित्सकों की गरिमामयी उपस्थिति रही। यह आयोजन संगठनात्मक एकता, सम्मान और संवाद का सशक्त मंच बनकर उभरा।
कार्यक्रम की शुरुआत धन्वंतरि पूजन और वंदना से हुई। मंचस्थ अतिथियों का पारंपरिक स्वागत माला, पुष्पगुच्छ और श्रीफल से किया गया। मुख्य अतिथियों में प्रांताध्यक्ष डॉ. गदाधर पंडा, संरक्षक डॉ. परस शर्मा, पूर्व प्रांताध्यक्ष डॉ. प्रदीप शुक्ला, वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. प्रवीण चंद्राकर, बिलासपुर के जिला आयुष अधिकारी डॉ. चंद्रशेखर गौरहा, रायगढ़ के डॉ. यशपाल सिंह ध्रुव सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल हुए।
डॉ. अजय भारती जिलाध्यक्ष, बिलासपुर ने कहा – “यह आयोजन सम्मान का ही नहीं, संवाद और आत्ममंथन का अवसर भी है। हम सब एकजुट होकर आयुर्वेद को सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।”
कार्यक्रम में प्रांताध्यक्ष डॉ. गदाधर पंडा ने संविदा चिकित्सकों के नियमितीकरण और चार स्तरीय वेतनमान को लेकर संगठन की प्राथमिकताओं को सामने रखा। उन्होंने कहा कि आयुर्वेद को जन-आंदोलन बनाना अब हमारा लक्ष्य है।
डॉ. गदाधर पंडा – प्रांताध्यक्ष ने कहा – “हम संगठन में किसी एक वर्ग की नहीं, पूरे समुदाय की बात करते हैं। NAM के चिकित्सकों की समस्याओं को शासन तक लगातार पहुंचाया जा रहा है।”
संरक्षक डॉ. परस शर्मा ने संघ के संघर्षों की यात्रा को याद करते हुए कहा कि यह संगठन केवल मांगों का नहीं, पहचान और आत्मसम्मान का भी मंच रहा है।संवाद सत्र में चिकित्सा अधिकारियों ने क्षेत्रीय अनुभव, समस्याएं और सुझाव साझा किए। संगठन की गतिविधियों की समीक्षा की गई और भविष्य की योजनाओं पर भी मंथन हुआ।
कार्यक्रम के अंत में सभी विशिष्ट अतिथियों को साल, श्रीफल और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। बिलासपुर इकाई द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम संगठन की सक्रियता, नेतृत्व की प्रतिबद्धता और आयुर्वेद चिकित्सा प्रणाली के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक प्रेरक कदम साबित हुआ।

